पंचायत दिवस को लेकर तैयारियां तेज, बैठक में बनी कार्यक्रम की रुपरेखा

रायपुर, 8 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ में तैयारियां तेज हो गई हैं। अखिल भारतीय पंचायत परिषद द्वारा 12 से 24 अप्रैल तक देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत रायपुर में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें 24 अप्रैल को कबीरधाम में होने वाले मुख्य कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक का आयोजन रायपुर स्थित विमला देवी चंद फाउंडेशन भवन में किया गया।
बैठक में जानकारी दी गई कि इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री, सांसद और विधायकों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बरुण कुमार सिन्हा, मनोज जद्दोन, राष्ट्रीय महामंत्री वैभव डांगंगे, महामंत्री डॉ. रूद्र भानु (वित्त), श्रीमती प्रियंबदा सिंह सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं देश के विभिन्न राज्यों से अध्यक्ष एवं पदाधिकारीगण की उपस्थिति संभावित है, जिससे कार्यक्रम का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
बैठक में प्रदेशभर से आए जिला, ब्लॉक और प्रखंड स्तर के संयोजकों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियों का वितरण किया गया और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंचों और आम नागरिकों को भी कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम की सफलता के लिए जनसंपर्क अभियान, आयोजन समिति गठन, प्रशासनिक अनुमतियों और विभागीय समन्वय को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य, फायर और ट्रैफिक विभागों से समय पर अनुमति लेने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बस्तर, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग से आए 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम का समापन राज्य गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजकों ने विश्वास जताया कि 24 अप्रैल को कबीरधाम में आयोजित पंचायत स्थापना दिवस कार्यक्रम पंचायत सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
इस बैठक में प्रदेश संरक्षक डॉ. ममता साहू, प्रदेश सलाहकार डॉ. उदयभान सिंह चौहान, प्रदेश महासचिव श्रीमती भगवती मिरज, प्रदेश संगठन मंत्री अनिता उके, प्रदेश सहसंयोजक दिनेश कुमार कौशिक, प्रदेश मंत्री अभिषेक खांडेकर, नवनिर्वाचित प्रदेश कार्यवाहक सहसंयोजक बी.वी. राजकुमार एवं प्रदेश महिला प्रकोष्ठ सहसंयोजक शिवानी सिंह राजपूत सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। धमतरी जिला संयोजक टामेश्वरी साहू (रानी), संगठन मंत्री एस. कुमार साहू एवं उपाध्यक्ष देवकी कंवर सहित विभिन्न जिलों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज की।



