राष्ट्रीय

बंगाल में मोदी का चुनावी शंखनाद: 6 गारंटियों के साथ होगा लुटेरों का हिसाब

कोलकाता, 9 अप्रैल 2026। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र भाजपा ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्य में तीन बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला और जनता के सामने छह बड़ी गारंटियां पेश कीं।

यह चुनाव विकसित बंगाल की नींव रखेगा : मोदी
पूर्वी मेदिनीपुर में आयोजित चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने का चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता इस बार बदलाव का मन बना चुकी है और वर्तमान सरकार को सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विकसित बंगाल की नींव रखेगा।

अब “लुटेरों का हिसाब” भी होगा
प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के साथ नया नारा देते हुए कहा कि अब “लुटेरों का हिसाब” भी होगा। उन्होंने भाजपा की ओर से छह गारंटियों का ऐलान करते हुए भरोसा दिलाया कि सत्ता में आने पर भयमुक्त माहौल, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई, अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम, घुसपैठ पर नियंत्रण और सरकारी कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।

ये हैं बीजेपी की 6 गारंटियां
पहली गारंटी- भय की जगह भरोसा कायम करेंगे।
दूसरी गारंटी- भ्रष्टाचार करने वालों को जेल भेजेंगे।
तीसरी गारंटी- भ्रष्टाचार और अपराध की फाइलें खुलेंगी।
चौथी गारंटी- कानून सबका हिसाब करेगा।
पांचवीं गारंटी- घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे।
छठी गारंटी- सरकारी कर्मचारियों को 7वां वेतन आयोग का लाभ।

ममता सरकार का घेरा
तृणमूल कांग्रेस
पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विकास में बाधा बन रही है। उन्होंने कहा कि जहां देश तेजी से आर्थिक प्रगति कर रहा है, वहीं बंगाल पिछड़ता जा रहा है।

मत्स्य पालन और सी-फूड सेक्टर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपार संभावनाओं के बावजूद राज्य आत्मनिर्भर नहीं बन पाया है और मछली जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भी दूसरे राज्यों पर निर्भर है। उन्होंने इसे सरकार की नीतिगत विफलता बताया।

युवाओं के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में रोजगार के अवसर सीमित हैं और सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने युवाओं के साथ “दोहरा विश्वासघात” किया है।

राज्य में घुसपैठियों की चल रही फैक्ट्री
प्रधानमंत्री ने घुसपैठ और फर्जी दस्तावेजों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही उन्होंने केंद्र की योजनाओं के नाम बदलने और उन्हें लागू नहीं करने का भी आरोप लगाया, जिससे गरीबों को नुकसान हुआ है।

यह पीएम मोदी का चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद दूसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने 5 अप्रैल को कूचबिहार से अभियान की शुरुआत की थी। राजनीतिक रूप से हल्दिया, आसनसोल और बीरभूम जैसे क्षेत्रों में उनकी चुनावी रैलियों को काफी अहम माना जा रहा है।

294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

Related Articles

Back to top button