छत्तीसगढ़

सुधा सोसाइटी फाउंडेशन ने आईटीआई में मनाया विश्व होम्योपैथी दिवस

75 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ का उपचार

रायपुर, 10 अप्रैल 2026। सुधा सोसाइटी फाउंडेशन द्वारा आईटीआई सड्डू रायपुर में विश्व होम्योपैथी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में 75 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ को होम्योपैथी के समग्र उपचार पद्धति के लाभों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में फाउंडेशन के चेयरमैन जी.के. भटनागर ने संस्था की यात्रा और उसके मिशन पर प्रकाश डालते हुए प्रेरक संबोधन दिया। वहीं प्रमुख चिकित्सकों—डॉ. जे.के. तिवारी, डॉ. प्राची उपाध्याय और डॉ. निशी अग्रवाल—ने दैनिक जीवन में होम्योपैथी अपनाने के व्यावहारिक तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी।

इस आयोजन की सफलता में प्राचार्य मेजर नरेंद्र उपाध्याय, सुधा ठाकुर और प्रशिक्षण अधीक्षक संजय ठाकुर का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित होम्योपैथी क्विज प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र गोपी मंडाले सहित अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही प्राचार्य द्वारा सुधा टीम को संस्थान की पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया।

चिकित्सकों की टीम ने मौके पर 20 से अधिक छात्रों को निःशुल्क परामर्श और उपचार भी प्रदान किया, जिससे उन्हें तत्काल लाभ मिला। अंत में चेयरमैन भटनागर ने सभी चिकित्सकों और स्टाफ को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।

गौरतलब है कि सुधा सोसाइटी फाउंडेशन पिछले साढ़े तीन वर्षों से विधानसभा रोड स्थित भीमसेरिया अस्पताल में निःशुल्क होम्योपैथी क्लिनिक संचालित कर रही है, जो जरूरतमंदों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रहा है।

Related Articles

Back to top button