टॉप नक्सली कमांडर सोडी केशा ने 42 साथियों के साथ किया आत्मसमर्पण

हैदराबाद, 10 अप्रैल 2026। देश में नक्सलवाद के खिलाफ जारी अभियान के बीच एक बड़ी सफलता सामने आई है। पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) के टॉप कमांडर सोडी केशा ने अपने 42 साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया है। सभी नक्सलियों ने तेलंगाना के डीजीपी के सामने हथियार डालते हुए मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया।
सरेंडर के दौरान नक्सलियों ने भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियार भी सौंपे हैं, जिनमें 5 AK-47, 4 SLR, 3 INSAS राइफल, 9 BGL और 3 रिवॉल्वर शामिल हैं। ये हथियार आमतौर पर सुरक्षाबलों पर हमलों में इस्तेमाल किए जाते रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सोडी केशा के करीबी माने जाने वाले नक्सली कमांडर हेमला विज्जा के भी जल्द आत्मसमर्पण करने की संभावना है। बताया जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों में इस संबंध में आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
सोडी केशा का सरेंडर बस्तर और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय माओवादी नेटवर्क के कमजोर होने का संकेत माना जा रहा है। सरेंडर करने वालों में केवल सामान्य कैडर ही नहीं, बल्कि डिवीजनल कमेटी और एरिया कमेटी स्तर के कई प्रभावशाली सदस्य भी शामिल हैं।
गौरतलब है कि तेलंगाना में इस वर्ष बड़े नक्सली नेताओं के आत्मसमर्पण का सिलसिला लगातार जारी है। इससे पहले जनवरी में बरसा देवा उर्फ देवन्ना और फरवरी में पोलित ब्यूरो सदस्य थिप्पिरी तिरुपति उर्फ देवजी समेत कई बड़े नक्सली नेताओं ने भी हथियार डाल दिए थे, जिससे संगठन को बड़ा झटका लगा है।



