छत्तीसगढ़

पॉलिटेक्निक कॉलेज में NSUI का प्रदर्शन, छात्रों की समस्याओं को लेकर घेराव

रायपुर, 10 अप्रैल 2026। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने छात्रों की मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर शासकीय सह-शिक्षा पॉलिटेक्निक कॉलेज बैरन बाजार में जोरदार प्रदर्शन और घेराव किया। यह आंदोलन NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष अमित शर्मा के निर्देश पर तथा जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।

जिला उपाध्यक्ष वैभव मुजेवार ने कहा कि महाविद्यालय में बुनियादी सुविधाओं का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र गंदा पानी पीने को मजबूर हैं, भीषण गर्मी में बिना पंखे और कूलर के पढ़ाई कर रहे हैं और जर्जर व अस्वच्छ शौचालयों का उपयोग करने को विवश हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो NSUI आंदोलन को और उग्र करेगी और जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर सदन तक विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने इसे छात्रों के अधिकारों की लड़ाई बताया।

प्रदर्शन के दौरान माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया, जहां मौके पर मौजूद पुलिस बल और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई। हालांकि, महाविद्यालय के प्राध्यापकों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और छात्रहित में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

इस दौरान प्रतीक ध्रुव, सौरभ नाग, विनायक तिवारी, उत्कर्ष, रितेश, अभि, ईशान, दीपांशु, देवरथ और वंश सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button