छत्तीसगढ़

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला, टीआई समेत कई घायल

महासमुंद, 13 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचरी में फरार आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना में सांकरा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। मामले की शिकायत पटेवा थाने में दर्ज कर ली गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी उत्तम तिवारी अपनी टीम के साथ आबकारी एक्ट के एक मामले में फरार आरोपी विजय मार्कंडेय और विनोद मार्कंडेय को गिरफ्तार करने गांव पहुंचे थे। शाम के समय घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ भी लिया गया था।

हालांकि, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस का विरोध करते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों और आसपास के लोगों को उकसाया, जिसके बाद स्थिति हिंसक हो गई।

आरोपियों के उकसावे पर उनके परिजनों और ग्रामीणों ने लाठी-डंडों, लोहे की छड़ों और ईंट-पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में टीआई उत्तम तिवारी को सिर, गले और सीने में चोटें आईं, जबकि अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

हमले के दौरान पुलिस वाहन पर भी पथराव किया गया, जिससे वाहन का कांच टूट गया। आरोपियों की एक महिला परिजन भी इस दौरान घायल हो गई, जब वह पुलिस वाहन के सामने आकर लेट गई थी।

घटना के बाद पुलिस टीम किसी तरह आरोपियों को लेकर सुरक्षित थाने पहुंची। पुलिस ने विजय मार्कंडेय, विनोद मार्कंडेय और उनके परिजनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और जानलेवा हमला सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button