छत्तीसगढ़

छात्र संघ चुनाव को लेकर NSUI का प्रदर्शन, सरकार पर दमन का आरोप

रायपुर, 18 अप्रैल 2026। प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर NSUI का आंदोलन तेज हो गया है। शुक्रवार को उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपने जा रहे छात्रों को पुलिस द्वारा रोकने के बाद मामला और गरमा गया।

आंदोलनरत छात्रों का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान प्रशासन ने भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे बढ़ने से रोका। इसे लेकर संगठन ने राज्य सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।

NSUI के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने सरकार की कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि छात्र संघ चुनाव छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है और इसे लंबे समय तक टालना उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

उन्होंने कहा : “सत्ता के नशे में चूर और अहंकार में डूबी यह सरकार पुलिस के डंडों और बैरिकेड्स के दम पर छात्रों की बुलंद आवाज़ को दबाना चाहती है। लेकिन उन्हें यह मुगालता नहीं पालना चाहिए कि हम पीछे हटेंगे। छात्र संघ चुनाव हमारा संवैधानिक और मौलिक अधिकार है। सरकार छात्रों के नेतृत्व क्षमता और उनकी एकजुटता से खौफजदा है। आज पुलिस बल लगाकर हमारी राह रोकी गई है, लेकिन अगर जल्द ही छात्र संघ चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ, तो यह चिंगारी पूरे प्रदेश में ज्वाला बनेगी।”

संगठन की ओर से सरकार के सामने कई मांगें रखी गई हैं, जिनमें छात्र संघ चुनाव की तत्काल बहाली, निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया, चुनाव तिथियों की घोषणा और छात्र प्रतिनिधियों को मान्यता देना शामिल है।

NSUI रायपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने भी कहा कि प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में छात्र संघ चुनाव जल्द कराए जाएं, ताकि छात्रों को अपनी बात रखने का मंच मिल सके।

इस दौरान NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष अमित शर्मा,प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल, NSUI शहर जिलाध्यक्ष शांतनु झा, प्रदेश महामंत्री निखिल वंजारी, विशाल कुकरेजा, वैभव मुजेवर, पूणेश्वर लहरे, मोनू तिवारी, शिवांक सिंह, प्रशांत चंद्राकर, तारिक अनवर, दिव्यांशु, प्रियांशु सहित सैकड़ों छात्र नेता मौजूद रहे।

NSUI ने साफ किया है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button