मणिपुर में 5.2 तीव्रता का भूकंप, पूर्वोत्तर के कई राज्यों में महसूस हुए झटके

इम्फाल, 21 अप्रैल 2026। पूर्वोत्तर भारत में मंगलवार सुबह भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। मणिपुर में सुबह 5:59 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 मापी गई।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र कामजोंग क्षेत्र में था और इसकी गहराई लगभग 84 किलोमीटर दर्ज की गई। झटके मणिपुर के अलावा नगालैंड, असम और मेघालय में भी महसूस किए गए।
भूकंप के दौरान कई इलाकों में लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में भूकंपीय गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे पहले 18 अप्रैल को कश्मीर घाटी में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र अफगानिस्तान के बदख्शां क्षेत्र में था।
विशेषज्ञों का कहना है कि पूर्वोत्तर और हिमालयी क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील जोन में आते हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।



