30 अप्रैल को विधानसभा का विशेष सत्र, निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी

रायपुर, 23 अप्रैल 2026। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लोकसभा में पारित नहीं होने के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस बीच राज्य सरकार ने 30 अप्रैल को विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया है। इस सत्र में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी की जा रही है।
राजधानी रायपुर में हाल ही में भाजपा द्वारा इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया गया था। अब इस मामले को विधानसभा के मंच पर उठाने की रणनीति बनाई गई है। सूत्रों के अनुसार संसदीय कार्य विभाग ने निंदा प्रस्ताव का प्रारूप तैयार कर लिया है और विशेष सत्र के लिए अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि भाजपा शासित अन्य राज्यों में भी इसी तरह की रणनीति पर काम किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में भी 27 अप्रैल को विशेष सत्र बुलाने की तैयारी है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस मुद्दे को लेकर आने वाले दिनों में सियासी टकराव और तेज हो सकता है।




