जिला पंचायत बैठक में टकराव: CEO के सख्त रुख पर जनप्रतिनिधियों का बहिष्कार

बीजापुर, 24 अप्रैल 2026। जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब अध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधियों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। इस घटनाक्रम ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बढ़ते टकराव को उजागर कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, पंचायत सचिवों के तबादले को लेकर बैठक से पहले ही दबाव की स्थिति बन रही थी। कुछ जनप्रतिनिधि अपने पसंदीदा सचिवों की पदस्थापना चाहते थे, लेकिन हाल ही में पदस्थ आईएएस अधिकारी और जिला पंचायत सीईओ ने इस पर स्पष्ट इनकार कर दिया।
सीईओ ने साफ कहा कि तबादले केवल नियमों और प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर ही होंगे, किसी भी तरह के दबाव में नहीं। उनके इस सख्त रुख के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और अंततः बैठक का बहिष्कार कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, इस दौरान एक जिला पंचायत सदस्य द्वारा अधिकारी से दुर्व्यवहार की बात भी सामने आई है। विवाद के चलते बैठक की कार्यवाही प्रभावित हुई और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी।
सूत्र यह भी बताते हैं कि जनप्रतिनिधियों ने इस मुद्दे पर खुले मंच पर चर्चा करने के बजाय सीईओ को निजी कक्ष में बुलाने की कोशिश की, जिसे अधिकारी ने ठुकरा दिया। उन्होंने कहा कि सभी चर्चा सार्वजनिक रूप से ही होगी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद कई सवाल उठ रहे हैं कि क्या तबादलों में हस्तक्षेप की कोशिश की जा रही थी या यह राजनीतिक दबाव की रणनीति है। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि प्रशासन का नियम आधारित रुख पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में कुछ जनप्रतिनिधियों द्वारा निर्माण और सप्लाई कार्यों में भी दबाव बनाने की कोशिशें हो रही थीं। ऐसे में प्रशासन की सख्ती ने इस विवाद को और बढ़ा दिया है।



