मनोरंजन

‘आखिरी सवाल’ का नया प्रोमो: 6 दिसंबर 1992 की घटनाओं पर उठाया बड़ा सवाल

मुंबई, 24 अप्रैल 2026। अभिनेता संजय दत्त की फिल्म आखिरी सवाल इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के नए प्रोमो ने इतिहास के सबसे संवेदनशील मुद्दों में से एक—6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में हुई घटना—को लेकर बहस छेड़ दी है।

हनुमान जयंती के मौके पर जारी टीजर के बाद अब सामने आए प्रोमो में सीधा सवाल उठाया गया है कि उस दिन आखिर अयोध्या में क्या हुआ था। यह वही दिन है, जब बाबरी मस्जिद विध्वंस हुआ था, जो भारतीय इतिहास का एक बेहद विवादित अध्याय माना जाता है।

फिल्म का प्रोमो संकेत देता है कि कहानी उस दौर की घटनाओं और उनसे जुड़े पहलुओं की गहराई से पड़ताल करने की कोशिश करेगी। इसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कथित भूमिका पर भी सवाल उठते नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर पहले भी लंबे समय से बहस होती रही है।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग के निर्देशन में बनी इस फिल्म को निखिल नंदा और संजय दत्त ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म की कहानी और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं।

लगातार सामने आ रहे प्रोमो और टीजर के बाद दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है। यह फिल्म 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और माना जा रहा है कि रिलीज के बाद यह एक बार फिर इतिहास और राजनीति से जुड़े मुद्दों पर बड़ी चर्चा छेड़ सकती है।

Related Articles

Back to top button