मनोरंजन

‘आखरी सवाल’ की कहानी सुनते ही तैयार हुए संजय दत्त : अभिजीत वारंग

मुंबई, 29 अप्रैल 2026। संजय दत्त स्टारर फिल्म ‘आखरी सवाल’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। अब फिल्म के निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग ने खुलासा किया है कि संजय दत्त को इसकी कहानी पहली ही बार में बेहद पसंद आ गई थी।

डायरेक्टर ने बताया कि जब संजय दत्त ने स्क्रिप्ट सुनी, तो वे तुरंत उससे जुड़ गए। उनके मुताबिक, अभिनेता ने इसे सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय इतिहास के एक अनकहे अध्याय को सामने लाने वाली कहानी बताया। उन्होंने माना कि यह ऐसी महत्वपूर्ण कहानी है, जिसे अब तक पूरी तरह से नहीं दिखाया गया था। फिल्म की अनाउंसमेंट के बाद से ही काफी चर्चा थी और फिर मेकर्स ने हनुमान जयंती पर फिल्म का टीज़र रिलीज किया, जिसमें दुनिया के सबसे बड़े स्वैच्छिक संगठन, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के इतिहास की ऐसी झलक दिखाई गई जो पहले कभी नहीं देखी गई थी।

‘आखरी सवाल’ का डायरेक्शन नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्म मेकर अभिजीत मोहन वारंग ने किया है। निखिल नंदा द्वारा पेश की गई इस फिल्म को निखिल नंदा और संजय दत्त ने मिलकर प्रोड्यूस किया है, जबकि पुनीत नंदा, डॉ. दीपक सिंह, गौरव दुबे और उज्ज्वल आनंद इसके को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद उत्कर्ष नैथानी ने लिखे हैं।

यह फिल्म 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को एक अलग और गहरा सिनेमाई अनुभव देगी।

Related Articles

Back to top button