राज्यपाल से मिले आचार्य बाजपेयी, उच्च शिक्षा और शोध संस्कृति पर हुई चर्चा

रायपुर, 13 मई 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका से से मंगलवार को राजभवन में आचार्य अरुण द्विवाकर नाथ बाजपेयी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य के उच्च शिक्षा परिदृश्य, विश्वविद्यालयों में गुणवत्ता सुधार और शोध संस्कृति को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के पूर्व कुलपति आचार्य बाजपेयी ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले मार्गदर्शन और सहयोग के लिए राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल रामेन डेका के सतत मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच ने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विकास तथा गुणवत्ता संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
भेंट के दौरान दोनों के बीच राष्ट्रीय शिक्षा नीति, उच्च शिक्षा में नवाचार, शैक्षणिक उत्कृष्टता और शोध आधारित शिक्षा व्यवस्था को बढ़ावा देने पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। आचार्य बाजपेयी ने छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को और अधिक प्रभावी, आधुनिक और समृद्ध बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।
आचार्य बाजपेयी ने राज्यपाल की दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन शिक्षा जगत के लिए सदैव प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलावों को आगे भी गति मिलेगी।
राजभवन में हुई यह शिष्टाचार भेंट शिक्षा जगत में अनुभवों के आदान-प्रदान और छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



