फतेहपुर में गैस रिसाव से भीषण विस्फोट, 9 लोग झुलसे

फतेहपुर, 18 मई 2026। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार रात गैस रिसाव के कारण हुए भीषण विस्फोट में 9 लोग झुलस गए। हादसा कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में हुआ, जहां दो कमरों के एक मकान में खाना बनाते समय अचानक विस्फोट हो गया।
जानकारी के मुताबिक, संतोष लोधी की पत्नी कलावती रात करीब 9 बजे खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस पाइप से रिसाव शुरू हो गया और देखते ही देखते जोरदार धमाका हो गया। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद 6 लोग आग की चपेट में आ गए, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे 3 अन्य लोग भी झुलस गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल मलवां मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद 8 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया। प्रशासन ने घायलों को तेजी से अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा सिलेंडर फटने से नहीं, बल्कि गैस रिसाव के कारण हुआ। उन्होंने कहा कि प्रशासन घायलों के इलाज पर लगातार नजर बनाए हुए है और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं कल्याणपुर थाना प्रभारी सुमित देव पांडे ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी गंभीर घायलों का इलाज कानपुर में चल रहा है।



