मनोरंजन

होम्बाले फिल्म्स लाएगा हिप-हॉप का नया तूफान, ‘येतो का नाय’ का एलान

मुंबई, 29 मई 2026। भारतीय सिनेमा को कई ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाला चर्चित प्रोडक्शन हाउस होम्बाले फिल्म्स अब एक नई और अलग तरह की कहानी लेकर आ रहा है। प्रोडक्शन हाउस ने अपनी पहली हिप-हॉप म्यूजिकल फिल्म ‘येतो का नाय’ के निर्माण का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही फिल्म के हिंदी संस्करण “पहला वार” की भी घोषणा की गई है। यह फिल्म मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित युवाओं की भावनाओं, दोस्ती, संघर्ष, पहचान और सपनों की कहानी को दर्शाएगी।

निर्माताओं के अनुसार, फिल्म मराठी हिप-हॉप संस्कृति को बड़े पर्दे पर नए अंदाज में पेश करेगी। फिल्म में संगीत, भावनाएं और युवाओं की जिंदगी का असली रंग देखने को मिलेगा। इसका उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि युवाओं की सोच, जुनून और संघर्ष को सामने लाना भी है।

फिल्म का निर्माण विजय किरागांदुर कर रहे हैं, जबकि निर्देशन सारंग साठ्ये के हाथों में है। कहानी लेखन में सारंग संजीव साठे, सुजॉय जाधव, सृष्टि तावड़े और श्रेयस सागवेकर ने योगदान दिया है। वहीं संगीत एवी प्रफुल्लचंद्र ने तैयार किया है। फिल्म की शूटिंग फिलहाल मुंबई में चल रही है और इसे इसी वर्ष सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।

होम्बाले फिल्म्स ने पिछले कुछ वर्षों में भारतीय सिनेमा को कई बड़ी और सफल फिल्में दी हैं। ‘केजीएफ’, ‘कांतारा’ और ‘सालार’ जैसी फिल्मों के जरिए प्रोडक्शन हाउस ने देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। अब यह बैनर क्षेत्रीय कहानियों और स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पेश करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

निर्माताओं का कहना है कि ‘येतो का नाय’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि संगीत और सपनों से जुड़ी नई पीढ़ी की आवाज होगी। फिल्म के जरिए युवाओं की दुनिया को वास्तविक अंदाज में बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश की जा रही है।

फिल्म के ऐलान के साथ जारी वीडियो और झलकियों को सोशल मीडिया पर दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। खासकर युवा दर्शकों में इसे लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button