Uncategorized

हॉस्टल की बदहाली पर NSUI का ज्ञापन, नवीनीकरण नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

“कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल की खराब सुविधाओं को लेकर NSUI ने ज्ञापन सौंपा। समय रहते नवीनीकरण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है”

रायपुर, 1 जून 2026। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के बॉयज हॉस्टल में छात्रों को हो रही समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर रायपुर जिला NSUI ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने हॉस्टल के नवीनीकरण और आवश्यक मरम्मत कार्य की मांग करते हुए विश्वविद्यालय के कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा।

जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी के निर्देश पर जिला महासचिव दिव्यांश श्रीवास्तव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि बॉयज हॉस्टल लंबे समय से विभिन्न अव्यवस्थाओं और सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है, जिससे छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। NSUI ने मांग की कि आगामी सेमेस्टर शुरू होने से पहले हॉस्टल में आवश्यक नवीनीकरण और सुधार कार्य कराए जाएं।

जिला महासचिव दिव्यांश श्रीवास्तव ने कहा कि छात्र लगातार खराब आवासीय सुविधाओं से परेशान हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन इस दिशा में गंभीरता नहीं दिखा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले सेमेस्टर से पहले हॉस्टल के नवीनीकरण को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो रायपुर जिला NSUI छात्रों के हित में आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष शिवांक सिंह, प्रशांत चंद्राकर, स्कूल यूनिट जिला उपाध्यक्ष कृष सहारे, जिला सचिव रिजवान खान, स्कूल यूनिट जिला महासचिव करण यादव, युवराज देवांगन सहित NSUI के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button