‘स्मार्ट मीटर’ पर सियासत गरम: नाराज उपभोक्ताओं संग धरने पर बैठे कन्हैया
लाखे नगर बिजली ऑफिस में हंगामा, जांच के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन

रायपुर, 13 जून 2026। स्मार्ट मीटर के जरिए आ रहे कथित मनमाने बिजली बिलों के विरोध में शुक्रवार को राजधानी के लाखे नगर स्थित बिजली कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ। बिजली बिलों में तीन से पांच गुना तक वृद्धि होने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में उपभोक्ता शिकायत लेकर दफ्तर पहुंचे, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल को मौके पर बुलाया।
उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनने पहुंचे कन्हैया अग्रवाल ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए पीड़ित लोगों के साथ बिजली कार्यालय के भीतर ही धरना शुरू कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और मामले की जांच का आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि बिजली बिलों में हुई असामान्य वृद्धि की जांच की जाएगी और यदि गड़बड़ी पाई गई तो बिलों में संशोधन किया जाएगा। साथ ही जांच पूरी होने तक किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटने का आश्वासन भी दिया गया।
धरने के दौरान कन्हैया अग्रवाल ने राज्य सरकार और बिजली विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली बिलों के जरिए लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और मनमाने बिल जारी रहे, तो कांग्रेस बिजली विभाग के मुख्यालय का घेराव करेगी।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और प्रभावित बिजली उपभोक्ता मौजूद रहे।



