मनोरंजन

रिलीज से पहले ‘गवर्नर’ का क्रेज, बुकमायशो ट्रेंड्स में बनाई मजबूत जगह

मुंबई, 13 जून 2026। मनोज बाजपेयी स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘गवर्नर’ रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा बटोर रही है। फिल्म को लेकर बढ़ते क्रेज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह इस सप्ताह की बड़ी रिलीज़ के बीच बुकमायशो ट्रेंड्स में लगातार जगह बनाए हुए है। कंटेंट-आधारित और वास्तविक घटनाओं से प्रेरित इस फिल्म को लेकर सोशल मीडिया से लेकर सिनेमा प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

भारत के 1991 के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म उस दौर की कहानी को बड़े पर्दे पर लेकर आ रही है, जब देश गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा था। फिल्म में मनोज बाजपेयी एक आरबीआई गवर्नर की भूमिका निभा रहे हैं, जो आर्थिक संकट के कठिन दौर में देश को संभावित वित्तीय तबाही से बचाने के लिए महत्वपूर्ण और साहसिक फैसले लेते हैं।

फिल्म के प्रति दर्शकों की बढ़ती दिलचस्पी को देखते हुए मेकर्स ने एक अनोखी मार्केटिंग रणनीति अपनाई है। दर्शकों को 1990 के दशक की याद दिलाने के लिए फिल्म की टिकटें सिर्फ 50 रुपये की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके लिए दर्शक “GOVERNOR90” प्रोमो कोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस पहल ने फिल्म को लेकर चर्चा और उत्साह को और बढ़ा दिया है।

दमदार कहानी, प्रभावशाली संवाद और ऐतिहासिक घटनाओं पर आधारित कथानक वाली इस फिल्म का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है। फिल्म को विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है, जबकि आशिन ए. शाह इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म की पटकथा सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भरत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं और संगीत अमित त्रिवेदी ने तैयार किया है।

सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले बनी ‘गवर्नर’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पहले जिस तरह का सकारात्मक माहौल और दर्शकों का उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे फिल्म के मजबूत ओपनिंग की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button