PMGSY में भुगतान संकट: पेटी ठेकेदारों की बढ़ी मुश्किलें…

बीजापुर, 16 जून 2026। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत कार्य करने वाले पेटी ठेकेदारों (सब-कॉन्ट्रैक्टरों) को भुगतान नहीं मिलने से जिले में आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य पूरा करने के बावजूद कई पेटी ठेकेदारों को उनकी मेहनत की राशि नहीं मिली है, जिससे वे आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पीएमजीएसवाई के तहत स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों का ठेका लेने वाले मुख्य ठेकेदार अधिकांश काम पेटी ठेकेदारों को सौंप देते हैं। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए पेटी ठेकेदार अपनी जमा पूंजी निवेश करते हैं या फिर ऊंची ब्याज दरों पर ऋण लेकर काम कराते हैं। इसके बावजूद कई मामलों में सड़क निर्माण का कार्य पूरा होने अथवा 80 प्रतिशत से अधिक कार्य संपन्न होने के बाद भी भुगतान लंबित है।
पेटी ठेकेदारों का कहना है कि उन्होंने निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूरा कर दिया, लेकिन मुख्य ठेकेदारों द्वारा भुगतान टालने से उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है। कई ठेकेदार कर्ज के बोझ तले दब गए हैं और परिवार के भरण-पोषण तक की समस्या खड़ी हो गई है।
प्रभावित ठेकेदारों के मुताबिक भुगतान नहीं मिलने से वे लगातार मानसिक तनाव में हैं। उधार देने वाले लोग रकम वापस मांग रहे हैं, जबकि उन्हें स्वयं अपने कार्य का भुगतान नहीं मिला है। कुछ ठेकेदारों ने बताया कि हालात ऐसे हो गए हैं कि रोजमर्रा के खर्चों का प्रबंधन करना भी मुश्किल हो रहा है।
मामले में जब मुख्य ठेकेदारों से भुगतान में देरी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इसके लिए पीएमजीएसवाई विभाग को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि विभाग से निर्माण कार्यों की राशि प्राप्त नहीं होने के कारण वे पेटी ठेकेदारों का बकाया भुगतान नहीं कर पा रहे हैं।
स्थानीय लोगों और प्रभावित ठेकेदारों ने जिला प्रशासन एवं पीएमजीएसवाई विभाग से हस्तक्षेप कर मामले की जांच कराने तथा लंबित भुगतान जल्द जारी कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो कई छोटे ठेकेदार गंभीर आर्थिक संकट में फंस सकते हैं।



