छत्तीसगढ़

रंग लाई NSUI की पहल, बी.कॉम. चौथे सेमेस्टर की परीक्षा तिथि बढ़ी

रायपुर, 16 जून 2026। बी.कॉम. चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है। बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय की परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की मांग पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन कर दिया है। यह फैसला रायपुर जिला NSUI द्वारा छात्रहित में उठाई गई मांग के बाद लिया गया।

जानकारी के अनुसार, रायपुर जिला NSUI के जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी के निर्देश पर जिला सचिव अनुज प्रताप सिंह के नेतृत्व में संगठन ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में 18 जून 2026 को प्रस्तावित बिजनेस स्टैटिस्टिक्स विषय की परीक्षा स्थगित करने की मांग की गई थी।

NSUI ने बताया था कि 17 जून को इंटरनेशनल मार्केटिंग/फाइनेंशियल मार्केट ऑपरेशंस और अगले ही दिन 18 जून को बिजनेस स्टैटिस्टिक्स की परीक्षा निर्धारित थी। लगातार दो दिनों में महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षा होने से विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल रहा था, जिससे उन पर मानसिक दबाव बढ़ने और परीक्षा परिणाम प्रभावित होने की आशंका थी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मांग स्वीकार कर परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने का निर्णय लिया। इस फैसले से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को राहत मिली है।

जिला सचिव अनुज प्रताप सिंह ने कहा कि NSUI हमेशा विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रही है। विश्वविद्यालय द्वारा छात्रहित में लिया गया यह निर्णय स्वागतयोग्य है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन आगे भी छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाता रहेगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान दिव्यांश श्रीवास्तव, सुमित शुक्ला, कृष सहारे, सृजन साहू, पुष्पेंद्र जायसवाल सहित NSUI के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button