ओम बिरला के सम्मान में सांसद बृजमोहन की हाई टी, शामिल हुए दिग्गज नेता

रायपुर, 19 जून 2026। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के रायपुर प्रवास के दौरान रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उनके सम्मान में विशेष ‘हाई टी’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर प्रदेश के राजनीतिक, प्रशासनिक, सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री राम विचार नेताम और गुरु खुशवंत साहेब ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई।
समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम प्रकाश पाण्डेय, सांसद संतोष पाण्डेय, सांसद कमलेश जांगड़े, सांसद रूपकुमारी चौधरी और सांसद लक्ष्मी वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं विधायक अजय चंद्राकर, अनुज शर्मा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी और पुरंदर मिश्रा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
इसके अलावा पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण चंदेल, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू और छगन मूंदड़ा समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
व्यापार और सामाजिक क्षेत्र की भी रही सहभागिता
लोकसभा अध्यक्ष के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में राजनीतिक क्षेत्र के साथ-साथ समाज और व्यापार जगत की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। चैंबर ऑफ कॉमर्स, कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के पदाधिकारियों, वरिष्ठ पत्रकारों, संपादकों और शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में शामिल होकर ओम बिरला का स्वागत किया।
बृजमोहन अग्रवाल ने जताया आभार
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के रायपुर आगमन को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उनका छत्तीसगढ़ दौरा जनप्रतिनिधियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों और लोकसभा अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर उनका अभिनंदन किया।



