निर्दोष आदिवासियों की रिहाई की मांग, विधायक मंडावी ने CM को लिखा पत्र

बीजापुर, 30 जून 2026। बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने नक्सली मामलों में वर्षों से जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों की रिहाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि बस्तर संभाग के कई गरीब और निर्दोष आदिवासी ग्रामीण नक्सली मामलों में लंबे समय से जेलों में बंद हैं, जबकि वे न्याय पाने के लिए आर्थिक और सामाजिक रूप से सक्षम नहीं हैं।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक मंडावी ने उल्लेख किया है कि बस्तर संभाग आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है और बीजापुर लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहा है। इस दौरान कई निर्दोष ग्रामीणों को नक्सली मामलों में जेल भेजा गया, जो आज भी विभिन्न जेलों में बंद हैं। उन्होंने कहा कि अधिकांश आदिवासी कम शिक्षित होने और आर्थिक तंगी के कारण न्यायालय में प्रभावी पैरवी नहीं कर पाते, जिससे उनकी रिहाई नहीं हो सकी है।
विधायक ने पत्र में यह भी कहा कि वर्तमान में बस्तर क्षेत्र नक्सलवाद से काफी हद तक मुक्त हो चुका है। सरकार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुनर्वास नीति के तहत राहत और माफी दे रही है। ऐसे में वर्षों से जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों के मामलों की भी समीक्षा कर उन्हें मानवीय आधार पर रिहा किया जाना चाहिए।
विधायक विक्रम मंडावी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि निर्दोष आदिवासियों के मामलों की विशेष समीक्षा कर उन्हें न्याय दिलाने और जेल से रिहा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।



