मनोरंजन

15 साल बाद भी बरकरार ‘Delhi Belly’ का क्रेज…

आमिर खान प्रोडक्शंस ने मनाया कल्ट क्लासिक का जश्न

मुंबई, 1 जुलाई 2026। साल 2011 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘Delhi Belly’ ने भारतीय सिनेमा में डार्क कॉमेडी की नई पहचान बनाई थी। अपनी बोल्ड कहानी, बेबाक ह्यूमर, दमदार अभिनय और यादगार संगीत के दम पर यह फिल्म आज भी दर्शकों की पसंदीदा कल्ट क्लासिक फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म ने अब अपने रिलीज़ के 15 साल पूरे कर लिए हैं और इस खास मौके पर आमिर खान प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया पर फिल्म की यादगार तस्वीरें साझा कर इसका जश्न मनाया।

फिल्म की तस्वीरें साझा करते हुए मेकर्स ने लिखा, “अगर इन तस्वीरों को देखकर आपको हर डायलॉग याद आ रहा है, तो इसका मतलब है कि आप पिछले 15 सालों से ‘Delhi Belly’ के फैन हैं।” पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी यादें और चर्चाएं फिर से ताज़ा हो गईं।

 

रिलीज़ के समय ‘दिल्ली बेली’ ने अपने अलग अंदाज़, तेज़ रफ्तार कहानी और शहरी किरदारों की वास्तविक प्रस्तुति से दर्शकों और समीक्षकों का खूब ध्यान खींचा था। फिल्म का बेबाक हास्य और अनोखा ट्रीटमेंट उस दौर में काफी चर्चित रहा और समय के साथ यह एक कल्ट क्लासिक बन गई।

फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसका म्यूजिक एल्बम भी जबरदस्त हिट साबित हुआ। ‘भाग डी.के. बोस’, ‘नक्कड़वाले डिस्को, उधारवाले खिसको’, ‘बेदर्दी राजा’, ‘जा चुड़ैल’, ‘स्वीटी तेरा प्यार चाहिए’ और ‘आई हेट यू (लाइक आई लव यू)’ जैसे गीत आज भी श्रोताओं के बीच लोकप्रिय हैं।

अभिनय देव के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इमरान खान, कुणाल रॉय कपूर, वीर दास, पूर्णा जगन्नाथन और शेनाज़ ट्रेजरीवाला ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस और UTV मोशन पिक्चर्स ने किया था।

15 साल बाद भी ‘दिल्ली बेली’ अपनी अलग शैली, दमदार लेखन और मनोरंजक प्रस्तुति के कारण हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार कॉमेडी फिल्मों में शुमार है।

Related Articles

Back to top button