छत्तीसगढ़

रायगढ़ नगर निगम को मिले 8 एल्डरमैन, नियुक्ति आदेश जारी

रायगढ़। लंबे इंतजार के बाद रायगढ़ नगर निगम में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति पर आखिरकार मुहर लग गई है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रायगढ़ नगर निगम सहित प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों के लिए एल्डरमैनों की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। रायगढ़ नगर निगम के लिए कुल 8 एल्डरमैन मनोनीत किए गए हैं।

शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार ज्ञानेश्वर गौतम, मनोज शर्मा, मनीष गांधी, प्रदीप श्रींगी, सुनील थवाईत, संजय जगवानी, शशिकांत शर्मा और पप्पू कुमार को रायगढ़ नगर निगम का एल्डरमैन बनाया गया है।

एल्डरमैनों की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा चल रही थी। नगर निगम चुनाव संपन्न होने के बाद से ही मनोनीत पार्षदों की घोषणा का इंतजार किया जा रहा था। अब शासन के आदेश के साथ यह प्रक्रिया पूरी हो गई है।

नगर निगम में एल्डरमैनों के शामिल होने से विकास कार्यों, जनहित के मुद्दों और विभिन्न समितियों में अनुभवी लोगों की भागीदारी बढ़ेगी। ये सदस्य नगर निगम की बैठकों में शामिल होकर शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर अपने सुझाव देंगे तथा प्रशासनिक निर्णयों में सहयोग करेंगे।

गौरतलब है कि एल्डरमैन राज्य शासन द्वारा मनोनीत किए जाते हैं। इनकी नियुक्ति का उद्देश्य सामाजिक, प्रशासनिक और सार्वजनिक जीवन का अनुभव रखने वाले व्यक्तियों को नगर प्रशासन से जोड़ना होता है, ताकि शहर के विकास और जनहित से जुड़े निर्णयों को और प्रभावी बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button