‘बंटवारा 1947’ के टीज़र पर फिदा हुए बॉबी देओल: बोले-“आप सबसे बेहतरीन हैं, भैया”

मुंबई, 3 जुलाई 2026। आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के टीज़र को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ रहा है। अब अभिनेता बॉबी देओल ने भी फिल्म के टीज़र की खुलकर तारीफ करते हुए अपने बड़े भाई सनी देओल और पूरी टीम को शुभकामनाएं दी हैं।
बॉबी देओल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का टीज़र साझा करते हुए लिखा, “आप सबसे बेहतरीन हैं, भैया! इस फिल्म को देखने के लिए मैं बेहद उत्साहित हूं और बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। आपको और पूरी टीम को ढेरों शुभकामनाएं। टीज़र शानदार लग रहा है। यकीन है कि यह फिल्म भी कमाल की होगी।”
View this post on Instagram
‘बंटवारा 1947’ भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भव्य ऐतिहासिक फिल्म है, जो 1940 के दशक के उस दौर की कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत करेगी, जब देश के बंटवारे ने लाखों लोगों की जिंदगी बदल दी थी। फिल्म डर, बिछड़ने और विस्थापन के बीच इंसानियत, साहस और उम्मीद की कहानी को सामने लाती है।
फिल्म को लेकर यह भी चर्चा है कि इसकी कहानी जिस चर्चित नाट्य कृति पर आधारित है, वह वर्षों तक पाकिस्तान में कथित रूप से प्रतिबंधित रही। यही वजह है कि फिल्म को रिलीज से पहले ही सबसे चर्चित ऐतिहासिक फिल्मों में गिना जा रहा है।
फिल्म में शबाना आज़मी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फ़ज़ल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।
‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



