बारिश के बाद तालाब बना स्कूल परिसर, बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 8 जुलाई 2026। जिले के ग्राम पंचायत जोरा स्थित मौहारभांठा प्राथमिक शाला में लगातार बारिश के बाद गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई है। स्कूल परिसर और शौचालय में कई दिनों से पानी भरा हुआ है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। हालात ऐसे हैं कि पूरा स्कूल परिसर किसी तालाब जैसा नजर आ रहा है और बच्चे जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
पिछले चार दिनों से हो रही बारिश के कारण स्कूल परिसर में पानी जमा है। जलभराव के चलते परिसर में सांप, बिच्छू सहित अन्य विषैले जीव-जंतु निकल रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। बावजूद इसके, अब तक पानी निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई है।
विद्यालय के प्रधान पाठक और विद्यार्थियों ने बताया कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति बनती है। पिछले साल भी स्कूल परिसर में जलभराव हुआ था, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। प्रधान पाठक के अनुसार इस संबंध में ग्राम पंचायत से लेकर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक को कई बार जानकारी दी जा चुकी है।
वहीं, सरपंच प्रतिनिधि ने बताया कि स्कूल की स्थिति देखने के बाद उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से बात नहीं हो सकी। उनका कहना है कि यदि शिक्षा विभाग इस समस्या का समाधान नहीं कर सकता, तो पंचायत को इसकी जानकारी दे, ताकि पंचायत अपने स्तर पर पानी निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था कर सके।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बच्चों के साथ कोई भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से मांग की है कि स्कूल परिसर और शौचालय में भरे पानी की निकासी के लिए तत्काल स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।



