राष्ट्रीय

गुरेज सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकवादी ढेर

सेना का तलाशी अभियान जारी, आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के गुरेज सेक्टर में गुरुवार को सेना ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी। इस दौरान हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना नौशहरा नार्द इलाके के पास हुई और इलाके में अब भी व्यापक तलाशी अभियान जारी है।

यह हालिया हफ्तों में एलओसी पर हुई घुसपैठ की तीसरी कोशिश है। इससे पहले 25 अगस्त को संयुक्त बलों ने बारामूला के उरी सेक्टर के तोरणा इलाके में संदिग्ध गतिविधि देखने पर कार्रवाई की थी। उस दौरान आतंकियों के साथ कुछ देर तक गोलीबारी हुई और घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी गई। वहीं 13 अगस्त को उरी सेक्टर में आतंकियों से मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हुआ था।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आतंकवादी संगठन लगातार सीमा पार से घुसपैठ की साजिशें रच रहे हैं, लेकिन भारतीय सेना और संयुक्त बल सतर्क हैं और हर प्रयास को नाकाम किया जा रहा है।

जम्मू-कश्मीर में इन दिनों आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त बलों का सख्त अभियान जारी है। इसमें न सिर्फ सक्रिय आतंकियों को निशाना बनाया जा रहा है, बल्कि उनके सहयोगियों (ओजीडब्ल्यू) और समर्थन तंत्र पर भी कार्रवाई हो रही है। हवाला धन रैकेट, ड्रग तस्करी और नशीली दवाओं के नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी निगरानी है, क्योंकि इनसे मिलने वाला पैसा आतंकवाद को बढ़ावा देता है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा नियमित रूप से सुरक्षा समीक्षा बैठकें कर रहे हैं और उनका जोर आतंकी ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त करने पर है। खुफिया एजेंसियां पहले ही कई हवाला और ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ कर चुकी हैं, जिनके तार सीमा पार आतंकी सरगनाओं से जुड़े पाए गए।

Related Articles

Back to top button