छत्तीसगढ़

राजधानी में अब हेलमेट नहीं तो पेट्रोल नहीं, 1 सितम्बर से शुरू होगा अभियान

रायपुर। आप दोपहिया वाहन चलाते हैं और हेलमेट नहीं पहनते हैं तो सावधान हो जाएं, क्योंकि 1 सितंबर से आपको पेट्रोल पंप से खाली हाथ लौटा दिया जाएगा। सड़क सुरक्षा को लेकर रायपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने रायपुर जिले में “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत केवल हेलमेट पहनकर आने वाले चालकों को ही पेट्रोल दिया जाएगा।

एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल धगट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।

अध्यक्ष धगट ने बताया कि रायपुर में लगातार सड़क हादसों में लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं और कई की मौत हो चुकी है। जांच में सामने आया कि ज्यादातर मामलों में दोपहिया वाहन चालकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके चलते उन्हें सिर में गंभीर चोट लगी।

इसी को ध्यान में रखते हुए एसोसिएशन की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 1 सितम्बर से बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा। अभियान के तहत केवल हेलमेट पहनकर आने वाले चालकों को ही पेट्रोल दिया जाएगा।

धगट ने कहा कि यह पहल पूरी तरह सामाजिक हित में है और इससे नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में मदद मिलेगी। उन्होंने शासन और प्रशासन से इस अभियान में सहयोग की अपील की है।

Related Articles

Back to top button