NSUI ने नगाड़ा बजाकर किया विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन

रायपुर, 03 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एस.यू.आई. ने मंगलवार को रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पुरेना स्थित विद्युत विभाग कार्यालय के बाहर नगाड़ा बजाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन प्रदेश सचिव कुणाल दुबे के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
प्रदर्शन का मुख्य कारण वार्ड क्रमांक 49, 50 और 52 में लगातार हो रही अनावश्यक बिजली कटौती, शिकायत निपटान में लापरवाही, और ट्रांसफार्मर पैनल के गेट खुले रहने जैसी गंभीर समस्याएँ थीं।
कुणाल दुबे ने कहा कि यह ना केवल प्रशासनिक लापरवाही का संकेत है, बल्कि जनभावनाओं की उपेक्षा भी है।
आधी रात को बजती रही फोन की घंटी
प्रदर्शनकारियों ने एक वीडियो क्लिप भी प्रस्तुत किया, जिसमें यह दिखाया गया कि आधी रात को शिकायत नंबर पर कॉल करने पर विभागीय अधिकारी गहरी नींद में सोते पाए गए। वीडियो में दफ्तर के अंदर लगातार फोन की घंटी बजती रही, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया।
एन.एस.यू.आई. ने दी चेतावनी
एन.एस.यू.आई. ने विभाग को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो विरोध और अधिक विस्तृत स्तर पर किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से प्रदेश सचिव मोनू तिवारी, जिला उपाध्यक्ष तारिक अनवर ख़ान, संस्कार पांडे, तनिष्क मिश्रा, सहित ग्रामीण विधानसभा के अनेक नागरिक शामिल हुए।



