राष्ट्रीय

पीएम मोदी ने नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को दी बधाई

नई दिल्ली, 10 सितंबर 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर उन्हें जीत की शुभकामनाएँ दीं। पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए लिखा, “थिरु सी.पी. राधाकृष्णन जी से मुलाकात की और उन्हें उपराष्ट्रपति चुनाव जीतने पर बधाई दी।” इस दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहे।

पीएम मोदी की सराहना
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक अन्य पोस्ट में राधाकृष्णन के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए लिखा था, “उनका जीवन सदैव समाज सेवा और गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है। मुझे विश्वास है कि वे एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे, जो हमारे संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करेंगे और संसदीय संवाद को आगे बढ़ाएंगे।”

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की प्रतिक्रिया
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक्स पर मुलाकात की तस्वीर साझा कर नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “अपने विशिष्ट सार्वजनिक जीवन में उन्होंने विनम्रता, सत्यनिष्ठा और सेवा के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का परिचय दिया है। संवैधानिक एवं विधायी मामलों का गहन ज्ञान और जनता के साथ अटूट जुड़ाव उनकी नई भूमिका को और समृद्ध करेगा। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में राज्यसभा नई ऊँचाइयों को छुएगी।”

उपराष्ट्रपति चुनाव का परिणाम
सी.पी. राधाकृष्णन को एनडीए समर्थित उम्मीदवार के रूप में उपराष्ट्रपति चुनाव में बड़ी जीत मिली। उन्हें कुल 452 मत मिले और वे देश के नए उपराष्ट्रपति चुन लिए गए।

चुनाव आयोग के अनुसार:
कुल वोटर संख्या: 788
रिक्त पदों के कारण प्रभावी संख्या: 781
मतदान: 768 सांसदों ने वोट डाला
अनुपस्थित: 13 सांसद (बीआरएस के 4, बीजद के 7, शिरोमणि अकाली दल के 1 और एक निर्दलीय सांसद)।

इस जीत के साथ ही सी.पी. राधाकृष्णन ने औपचारिक रूप से उपराष्ट्रपति पद संभालने की तैयारी शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button