छत्तीसगढ़

गरियाबंद में मुठभेड़: 10 नक्सली ढेर, कमांडर भी मारा गया…

गरियाबंद, 11 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार जंगल में हुई भीषण मुठभेड़ में जवानों ने करीब 10 नक्सलियों को मार गिराया। मुठभेड़ में नक्सली कमांडर मनोज उर्फ़ मॉडेम बालकृष्ण उर्फ़ भास्कर मारा गया है। साथ ही उड़ीसा स्टेट कमेटी का सदस्य प्रमोद उर्फ़ पाण्डु (SZCM) भी ढेर हुआ है। कुल 8 से 10 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।

सूत्रों के अनुसार, यह मुठभेड़ गुरुवार को तब शुरू हुई जब जवान सर्चिंग पर निकले थे। मौके पर गरियाबंद की स्पेशल फोर्स और कोबरा बटालियन मौजूद हैं। मुठभेड़ अब भी जारी है और इसकी लगातार मॉनिटरिंग गरियाबंद एसपी निखिल स्वयं कर रहे हैं।

मुठभेड़ के बारे में जानकारी देते हुए रायपुर रेंज के IG अमरेश मिश्रा ने बताया कि मुठभेड़ अत्यंत तीव्र रही और नक्सलियों ने पहले गोलियां चलाईं, लेकिन सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उन्हें पीछे धकेल दिया। उन्होंने कहा, “यह ऑपरेशन नक्सली नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता है। नक्सली कमांडर मनोज उर्फ़ मॉडेम बालकृष्ण उर्फ़ भास्कर की मौत नक्सली गतिविधियों पर बड़ा प्रभाव डालेगी। उड़ीसा स्टेट कमेटी के सदस्य प्रमोद उर्फ़ पाण्डु का भी मारा जाना सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।” पुलिस सूत्रों के अनुसार मारे गए नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद हुई है। सर्च अभियान अभी जारी है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि कोई नक्सली भाग न सके।

दंतेवाड़ा में अलग घटना
इसी बीच, दंतेवाड़ा में नक्सलियों की ओर से लगाए गए प्रेशर IED में आज धमाका हुआ। सर्च ऑपरेशन में जुटी सीआरपीएफ टीम इस विस्फोट की चपेट में आ गई। विस्फोट इतना जोरदार था कि एक कांस्टेबल का पैर उड़ गया।

घटना में सीआरपीएफ इंस्पेक्टर दीवान सिंह गुर्जर और कांस्टेबल आलम मुनीश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सुरक्षा बलों का कहना है कि गरियाबंद और दंतेवाड़ा दोनों घटनाएँ नक्सलियों की हताशा को दर्शाती हैं। जवान लगातार दबाव बनाए हुए हैं और जंगलों में नक्सली गतिविधियों को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button