छत्तीसगढ़

इलाज के बहाने नवजात शिशु दूसरे को सौंपा, नर्स और दंपत्ति गिरफ्तार…

जशपुर, 15 सितंबर 2025। पत्थलगांव के सरकारी अस्पताल से नवजात शिशु को धोखे से एक दंपत्ति को सौंपने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित नर्स सहित दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है। नवजात बच्ची को सुरक्षित बरामद कर फिलहाल चाइल्ड हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में रखा गया है।

मामला कैसे हुआ उजागर
पत्थलगांव थाना क्षेत्र के कोडेकेला घरजियाबथान निवासी सुखदेव नाग (45) ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी दिलासो बाई ने 28 अगस्त को अस्पताल में बेटी को जन्म दिया था। 30 अगस्त को डिस्चार्ज के दौरान अस्पताल की नर्स अनुपमा टोप्पो ने बच्ची को टीका लगाने के बहाने ले लिया। बाद में उसने बताया कि बच्ची की तबीयत बिगड़ गई है और इलाज के लिए बाहर भेजना पड़ेगा।

इसी दौरान कोरबा से आए दंपत्ति निशिकांत मिंज (43) और सुमन वानी मिंज (43) ने खुद को मददगार बताते हुए इलाज का खर्च उठाने और बच्ची को जल्द लौटाने का भरोसा दिया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन उनकी बातों में आ गए।

लेकिन कई दिनों तक बच्ची की कोई जानकारी न मिलने पर सुखदेव नाग ने जांच-पड़ताल शुरू की। तब खुलासा हुआ कि बच्ची को अवैध तरीके से दंपत्ति को सौंप दिया गया है।

पुलिस की कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच की। दंपत्ति से बच्ची को गोद लेने के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने नर्स अनुपमा टोप्पो सहित दोनों दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया।

तीनों के खिलाफ जेजे एक्ट की धारा 80 और 81 के तहत मामला दर्ज किया गया है। बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और उसे चाइल्ड हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में रखा गया है।

पुलिस का कहना है कि यह मामला मानव तस्करी और अवैध गोद लेने के गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button