बलरामपुर में शिक्षा व्यवस्था बदहाल: परीक्षा के दिन स्कूल से नदारद रहे शिक्षक

बलरामपुर, 22 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक बार फिर शिक्षा व्यवस्था की लापरवाही उजागर हुई है। विकासखंड बलरामपुर के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लेफ़री में त्रैमासिक परीक्षा के पहले ही दिन दोनों शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचे। नतीजा यह हुआ कि सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू ही नहीं हो पाई और छात्र-छात्राएं घंटों इंतजार करते रहे।
परीक्षा छूटी, बच्चे परेशान
जानकारी के मुताबिक, स्कूल में दो शिक्षक पदस्थ हैं, लेकिन दोनों ही अनुपस्थित रहे। प्रश्न पत्र न बंट पाने के कारण पहली से आठवीं तक की कक्षाओं की परीक्षा पूरी तरह ठप रही। बच्चे बिना सुपरविजन के कक्षा में बैठे रहे। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो वे स्कूल पहुंचे और वहां का वीडियो बनाकर लापरवाही उजागर की।
ग्रामीणों का आरोप : “भविष्य से खिलवाड़”
ग्रामीणों का कहना है कि जब परीक्षा जैसे अहम समय में शिक्षक गैरहाजिर रहे तो सामान्य दिनों में बच्चों को पढ़ाई किस स्तर की मिल रही होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
जिले में लगातार बिगड़ी शिक्षा व्यवस्था
बलरामपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था पहले से ही सवालों के घेरे में है। कभी शिक्षक शराब के नशे में स्कूल आते हैं, कभी मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का नाम तक नहीं बता पाते। कई शिक्षकों पर बच्चों से मारपीट और छेड़छाड़ के मामले भी दर्ज हो चुके हैं। गणवेश वितरण में गड़बड़ी को लेकर हाल ही में जिला शिक्षा अधिकारी तक को निलंबित कर दिया गया था। इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नजर नहीं आ रहा।



