छत्तीसगढ़

झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन से मासूम की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बलरामपुर, 25 सितंबर 2025। बलरामपुर जिले में इलाज के नाम पर एक और लापरवाही ने मासूम की जान ले ली। वार्ड क्रमांक 8 में स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा इंजेक्शन लगाने के बाद 10 वर्षीय बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चे का नाम अनमोल एक्का (10 वर्ष) है, जो सरस्वती शिशु मंदिर बलरामपुर में कक्षा छठवीं का छात्र था। अनमोल के पैरों में घाव हो गया था, जिसके इलाज के लिए उसका पिता जितेंद्र एक्का बुधवार शाम उसे शंभू मेडिकल स्टोर लेकर गया।

मेडिकल स्टोर संचालक ने बच्चे के पैरों में इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगते ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन घबराकर उसे तत्काल जिला अस्पताल बलरामपुर लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान अनमोल ने दम तोड़ दिया।

परिजनों का बुरा हाल, जांच की तैयारी
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत से इलाके में गुस्सा और आक्रोश फैल गया है। माना जा रहा है कि इंजेक्शन की गलत डोज या गलत तरीके से लगाए जाने की वजह से बच्चे की जान गई है।

इस मामले में सीएमएचओ डॉ. बसंत सिंह ने कहा कि, “मामला अभी मेरे संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत मिलने पर इसकी जांच कराई जाएगी।”

Related Articles

Back to top button