राजधानी में खंड वर्षा: एक तरफ मूसलाधार, दूसरी ओर तेज धूप…

रायपुर, 30 सितंबर 2025। राजधानी रायपुर में मंगलवार को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। शाम 4.30 बजे से शुरू हुई तेज बरसात ने शहर के कई इलाकों में आवागमन बाधित कर दिया। सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर में अनोखा नज़ारा
बरसात के दौरान रायपुर का एक दिलचस्प नज़ारा देखने को मिला। शहर के कुछ हिस्सों में बादल जमकर बरसे, जबकि दूसरे हिस्से में लोग तेज धूप और उमस से जूझते रहे। जयस्तंभ चौक, तात्यापारा चौक और तेलीबांधा चौक में झमाझम बारिश हुई तो वहीं लाखेनगर, महादेव घाट चौक और रायपुरा क्षेत्र में धूप खिली रही।
रायपुर में खंड वर्षा आम
रायपुर में खंड वर्षा का यह पैटर्न नया नहीं है। यहां अक्सर ऐसा होता है कि एक हिस्से में झमाझम बारिश होती है और दूसरे हिस्से में आसमान साफ रहता है। आज का मौसम भी इसी परंपरा को दोहराता नजर आया।
मौसम विभाग का अनुमान
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवा के दबाव और बादलों की दिशा में बदलाव के कारण शहर में खंड वर्षा होती है। विभाग ने आने वाले 24 घंटों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है।



