अयोध्या रवाना हुई ‘रामलला दर्शन यात्रा’ विशेष ट्रेन, बृजमोहन ने दी शुभकामनाएं

रायपुर, 8 अक्टूबर 2025। “राम काज कीने बिनु, मोहि कहाँ विश्राम…” — इसी उद्घोष के साथ रायपुर रेलवे स्टेशन से श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने रामलला दर्शन यात्रा विशेष ट्रेन को अयोध्या धाम के लिए रवाना किया।
स्टेशन परिसर “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। सैकड़ों श्रद्धालु हर-हर राम के जयकारों के साथ ट्रेन में सवार हुए। बृजमोहन अग्रवाल ने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम का स्मरण हमें धर्म, त्याग और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह यात्रा हमारे आध्यात्मिक जीवन और सांस्कृतिक गौरव का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या धाम का पुनरुत्थान भारत की आत्मा को पुनः जागृत करने वाला ऐतिहासिक कार्य है। आज हर हृदय में राम बसते हैं, हर दिशा में राम राज्य की भावना साकार हो रही है।
कार्यक्रम के अंत में सांसद अग्रवाल ने यात्रियों के मंगलमय यात्रा की कामना की और कहा कि प्रभु श्रीराम की कृपा से यह यात्रा श्रद्धालुओं के जीवन में शांति, सुख और अध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करे।



