तालाब में डूब रही लड़की को बचाया, मम्मा खान ने पेश की इंसानियत की मिसाल

रायपुर, 10 अक्टूबर 2025 (वीएनएस)। रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना के बीच नेहरू नगर के मम्मा खान ने अद्भुत साहस और इंसानियत की मिसाल पेश की। आत्महत्या के इरादे से बूढ़ा तालाब में कूदी एक लड़की को उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कूदकर बचा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लड़की के तालाब में कूदते ही मम्मा खान ने बिना कोई देर किए पानी में छलांग लगाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनके इस वीरतापूर्ण कदम को देखकर मौके पर मौजूद लोग दंग रह गए और सभी ने उनकी बहादुरी और मानवता की भावना की सराहना की।
स्थानीय लोगों ने कहा कि मम्मा खान का यह कार्य न केवल एक जान बचाने वाला साहसिक कदम है, बल्कि यह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। सोशल मीडिया पर भी उनके इस जज्बे की भूरी-भूरी प्रशंसा हो रही है।
लोगों ने मांग की है कि ऐसे जाबांज नागरिक को सरकार और प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाना चाहिए, ताकि समाज में मानवीय संवेदनाओं और साहस को बढ़ावा मिल सके।



