राष्ट्रीय

महिला DSP ने सहेली के घर से चुराया मोबाइल और कैश, FIR दर्ज…

पुलिस विभाग में हड़कंप, PHQ ने विभागीय जांच शुरू की

भोपाल, 29 अक्टूबर 2025। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से पुलिस विभाग की साख को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) में पदस्थ महिला डीएसपी कल्पना रघुवंशी पर अपनी ही सहेली के घर से ₹2 लाख नकद और एक मोबाइल फोन चोरी करने का गंभीर आरोप लगा है। जहांगीराबाद थाना पुलिस ने आरोपी अधिकारी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला
यह घटना जहांगीराबाद थाना क्षेत्र की है। फरियादी महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर पर मोबाइल चार्जिंग में लगाकर नहाने गई थी। इसी दौरान उसकी सहेली और डीएसपी कल्पना रघुवंशी घर आईं और बैग में रखे ₹2 लाख नकद व मोबाइल फोन लेकर चली गईं।

जब महिला वापस लौटी तो बैग से पैसे और मोबाइल दोनों गायब थे। शक होने पर उसने घर के सीसीटीवी फुटेज देखे, जिसमें डीएसपी को घर में प्रवेश करते और बाहर जाते हुए हाथ में नोटों की गड्डी लिए स्पष्ट देखा गया। इसके बाद महिला ने तत्काल जहांगीराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक जांच शुरू की और चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की।

मोबाइल बरामद, नकदी अभी तक गायब
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी डीएसपी से चोरी हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, लेकिन ₹2 लाख नकद की बरामदगी अब तक नहीं हो सकी है।

फरार हैं डीएसपी कल्पना रघुवंशी
एफआईआर दर्ज होने के बाद से डीएसपी कल्पना रघुवंशी फरार हैं। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में दबिश दे रही हैं। वहीं, पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने भी आरोपी अधिकारी के खिलाफ नोटिस जारी कर विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

विभाग में हड़कंप, साख पर सवाल
मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वरिष्ठ अधिकारी इस घटना को लेकर कड़ा रुख अपनाने की बात कह रहे हैं। वहीं, यह मामला एक बार फिर पुलिस व्यवस्था और अफसरों की ईमानदारी पर सवाल खड़े कर रहा है।

Related Articles

Back to top button