छत्तीसगढ़

रायपुर के आकाश में फिर गूंजेगा वायुसेना का शौर्य: 5 नवंबर को सूर्यकिरण टीम का एरो शो

रायपुर, 3 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ के रजत जयंती राज्योत्सव के अवसर पर राजधानी रायपुर का आकाश एक बार फिर भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के रोमांचक करतबों से चमक उठेगा। यह ऐतिहासिक एयर शो 5 नवंबर को सुबह 10 बजे सेंध लेक, नया रायपुर के ऊपर आयोजित किया जाएगा।

इस मौके पर वायुसेना के वीर पायलट अपने असाधारण कौशल, अनुशासन और पराक्रम का प्रदर्शन करेंगे। सूर्यकिरण दल रायपुर पहुंच चुका है और शो की तैयारी पूरी कर ली गई है।

कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से संभव हुआ आयोजन
भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से यह भव्य आयोजन संभव हुआ है। अग्रवाल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर रायपुर में सूर्यकिरण एरो शो आयोजित करने का अनुरोध किया था। रक्षा मंत्री ने उनकी भावना का सम्मान करते हुए स्वयं पत्र लिखकर आयोजन की औपचारिक अनुमति प्रदान की।

जनता से की अपील
सांसद अग्रवाल ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि वे 5 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस एरो शो को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि जैसे 2009 में बूढ़ा तालाब के ऊपर हुए सूर्यकिरण शो को जनता ने सफल बनाया था, वैसे ही इस बार भी पूरा छत्तीसगढ़ वायुसेना के शौर्य और गर्व का साक्षी बने।

2009 के बाद दूसरी बार रायपुर में प्रदर्शन
यह दूसरा अवसर होगा जब सूर्यकिरण टीम रायपुर के आकाश में अपने अद्भुत हवाई करतब दिखाएगी। वर्ष 2009 में भी बृजमोहन अग्रवाल के ही प्रयासों से रायपुर में इस टीम ने प्रदर्शन किया था, उस समय वे राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री थे।

राष्ट्रप्रेम और छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की भावना से प्रेरित यह आयोजन प्रदेश के लिए गौरव और उत्साह का प्रतीक माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button