छत्तीसगढ़

अरपा नदी में मिला अधिवक्ता का शव, प्रेमिका की सगाई के बाद बढ़ा था तनाव…

बिलासपुर, 8 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। अरपा नदी में हाईकोर्ट अधिवक्ता राहुल अग्रवाल का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात रिवर व्यू और अरपा पुल के पास कुछ युवक मोबाइल से तस्वीरें ले रहे थे। तभी उन्होंने नदी में एक व्यक्ति का हाथ देखा। युवकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने शव बाहर निकाला।

क्या है मामला
भाटापारा निवासी राहुल अग्रवाल, पिता सुरेश अग्रवाल, हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे थे। वे मंगला के सिल्वर ऑक ग्रीन गार्डन कॉलोनी में पिछले 7-8 साल से रह रहे थे। गुरुवार को राहुल हाईकोर्ट गए थे। काम से लौटने के बाद शाम को वे नेहरू चौक में अपने मित्र मुकेश राठिया से मिले। इसके बाद दोनों सिरगिट्टी महिंद्रा शोरूम गए और सर्विसिंग के बाद ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचे, जहां पार्टी की।

रात करीब डेढ़ बजे राहुल ने हाईकोर्ट में केस होने का हवाला देते हुए बाइक लेकर मंगला अपने घर जाने के लिए निकल गए। लेकिन घर नहीं पहुंचे। सुबह परिजनों ने कॉल किया तो फोन बंद मिला। फ्लैट में खाना बनाने वाली बाई से पूछने पर पता चला कि राहुल घर नहीं लौटे और रात का खाना जस का तस पड़ा था। इसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

इसी बीच पुलिस को रामसेतु पर रात लगभग 3 बजे अरपा ब्रिज पर एक लावारिस बाइक मिली। परिजनों ने बाइक की पहचान राहुल की बाइक के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने उनकी आत्महत्या की आशंका जताई और युवक की तलाश शुरू की।

अगले दिन मिला शव
अगले दिन शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे कुछ युवकों की नजर अरपा नदी में बह रहे शव पर पड़ी और पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की खबर फैलते ही उनके बैचमेट और हाईकोर्ट में साथ प्रैक्टिस कर रहे कई युवा वकील मौके पर पहुंचे। कुछ दोस्तों ने टी-शर्ट से उनकी पहचान भी की।

प्रेम संबंधों में तनाव की आशंका
पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि राहुल का एक युवती से प्रेम संबंध था। राहुल उससे शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के परिजनों ने उसकी सगाई किसी और से कर दी। इसके बाद से राहुल मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस को आशंका है कि इसी तनाव में उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया होगा।

पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमॉर्टम शनिवार को कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button