हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटें नक्सली साथी : भूपति
हिडमा के मारे जाने के बाद नक्सल संगठन में दहशत

बीजापुर, 19 नवंबर 2025। कुख्यात नक्सली हिडमा समेत कई शीर्ष नक्सलियों के मारे जाने के बाद संगठन में भारी डर का माहौल है। इसी बीच पहले ही संगठन छोड़ चुके और समर्पण कर चुके नक्सली लीडर भूपति का एक वीडियो सामने आया है। इसमें भूपति ने सक्रिय नक्सलियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौट आएं और संविधान के अनुसार जीवन जिएं।
भूपति ने वीडियो में कहा कि हिडमा और अन्य कमांडरों के मारे जाने की खबर बेहद चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि वह और उनके साथी लगभग डेढ़ महीने पहले ही मारे जाने के डर से हथियार छोड़ चुके थे क्योंकि बदलते हालात में हथियार लेकर संघर्ष जारी रखना संभव नहीं था। भूपति के मुताबिक अब वह आम नागरिकों की तरह सामान्य जीवन जी रहे हैं और बाकी नक्सलियों को भी संविधान के दायरे में जनता के मुद्दों पर काम करने की सलाह दी।
अब वक्त बदल गया, हथियारों से कुछ हासिल नहीं होगा: भूपति
भूपति ने कहा कि हथियारों के रास्ते ने केवल नुकसान दिया है और समय के साथ देश और दुनिया बदल चुकी है। अब सशस्त्र लड़ाई चलाना न तो संभव है और न ही उपयोगी। उन्होंने कहा कि परिस्थिति का सामना करने का एकमात्र रास्ता यह है कि हथियार छोड़कर संविधान को अपनाया जाए।
मुख्यधारा में लौटने की दोहराई अपील
भूपति ने सभी सक्रिय नक्सलियों से गंभीरता से सोचने की अपील करते हुए कहा कि वे जनता के बीच लौटें, सामान्य जीवन अपनाएं और कानून व संविधान के रास्ते पर चलें। उन्होंने कहा कि यह अपील वह पहले भी कर चुके हैं और आज फिर वही आग्रह दोहरा रहे हैं कि हिंसा छोड़कर शांतिपूर्ण रास्ता अपनाया जाए।



