छत्तीसगढ़

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पिकअप-हाइवा की टक्कर: दो की मौत, दो घायल

सारंगढ़ बिलाईगढ़, 20 नवंबर 2025। जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। टुण्डरी पुल के पास पिकअप और हाइवा की आमने सामने से टक्कर में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं।

कैसे हुआ हादसा
हादसा बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र में सुबह उस समय हुआ जब खपरीडीह क्रेशर से गिट्टी लेकर आ रहा हाइवा और टेंट का सामान ले जा रही पिकअप आमने सामने भिड़ गए। पिकअप में टेंट हाउस संचालक दिनेश साहू (45) शिवरीनारायण जा रहे थे। उनके साथ तीन महिला कर्मचारी थीं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिनेश और रूक्मणी केवट (55) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दो महिलाएं गंभीर
घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने पहुंचकर घायलों शांति बाई (40) और इतवारा बाई (55) को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

हाइवा चालक पर मामला दर्ज
पुलिस ने हाइवा चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हाइवा वाहन दुर्गा सिंघानिया के नाम पर दर्ज बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button