छात्र चला रहे ट्रैक्टर: सलौनीकला स्कूल में गंभीर लापरवाही…
प्रभारी प्राचार्य सवालों के घेरे में, जिलाशिक्षाधिकारी ने जांच के निर्देश दिए

बिलाईगढ़, 27 नवंबर 2025। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलौनीकला एक बार फिर चर्चा में है। इस बार मामला गंभीर लापरवाही का है, जिसमें प्रभारी प्राचार्य कुमार चौहान सवालों के घेरे में हैं। शासन की योजना के तहत बच्चियों को बांटे जाने वाली साइकिलों को स्कूल लाने की जिम्मेदारी छात्रों पर डाल दी गई। इतना ही नहीं, साइकिलों से लदे ट्रैक्टर को खुद बच्चे चलाते हुए विद्यालय तक ले आए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
बच्चों की जान जोखिम में
घटना बुधवार की है, जब स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम प्रेमभुवन प्रताप सिंह शासकीय विद्यालय में साइकिल वितरण कार्यक्रम हुआ। वहां से सलौनीकला के विद्यार्थियों के लिए साइकिलें दी गईं। आरोप है कि प्राचार्य ने लड़कों को भेजकर ट्रैक्टर से साइकिलें स्कूल बुलवाईं और बच्चे ही ट्रैक्टर चलाते हुए उसे स्कूल ले आए।
स्थानीय लोगों ने इसे बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बताया। सवाल उठ रहे हैं कि अगर कोई हादसा हो जाता तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होती। एक शैक्षणिक संस्था के प्रमुख द्वारा ऐसी लापरवाही गंभीर चिंता का विषय है।
प्राचार्य ने घटना को मामूली गलती बताया
मामले पर जब प्रभारी प्राचार्य से सवाल किया गया तो उन्होंने इसे मामूली गलती बताकर टालने की कोशिश की। इससे नाराजगी और बढ़ी है। लोगों का कहना है कि प्राचार्य की जिम्मेदारी थी कि वह खुद निगरानी में ट्रैक्टर स्कूल लाते और फिर साइकिल वितरण करते।
जिलाशिक्षाधिकारी ने कार्रवाई का भरोसा दिया
घटना की जानकारी जिलाशिक्षाधिकारी जे. आर. डहरिया को फोन पर दी गई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग इस लापरवाही को कितनी गंभीरता से लेते हैं।
प्रशासन पर नजर
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक गलती नहीं बल्कि बच्चों की जान से खिलवाड़ है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या मामले को औपचारिक जांच में उलझाकर खत्म कर दिया जाएगा।



