छत्तीसगढ़

दूसरी कक्षा के छात्र को बेरहमी से पीटा: प्रधान पाठक निलंबित, FIR भी दर्ज

बलरामपुर, 30 नवंबर 2025। बलरामपुर रामानुजगंज जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है। सरकारी प्राथमिक स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्र को शिक्षक द्वारा कई थप्पड़ मारे जाने से बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। मारपीट के बाद मासूम के कान और आंख से खून निकलने लगा और गाल पर गहरे निशान पड़ गए।

क्या है मामला
घटना रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पलगी के जावाखाड़ी गांव में संचालित शासकीय प्राथमिक शाला जावाखाड़ी की है। शुक्रवार को प्रधान पाठक उदय यादव गणित का पाठ पढ़ा रहे थे। उन्होंने छात्र से गिनती सुनाने को कहा। गिनती में गलती होने पर शिक्षक भड़क गए और बच्चे के गाल पर कई थप्पड़ मार दिए। बच्चा कक्षा में ही रोने लगा। उसका चेहरा सूज गया, आंखें लाल हो गईं और कान व आंख से खून बहने लगा।

परिजनों ने दर्ज कराई रिपोर्ट
छुट्टी के बाद जब बच्चा घर पहुंचा तो उसकी हालत देख परिजन घबरा गए। पूछताछ में बच्चे ने पूरी घटना बताई। इसके बाद पिता ने त्रिकुंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि प्रधान पाठक उदय यादव अक्सर स्कूल में नशे की हालत में पहुंचते हैं और घटना के दिन भी वह नशे में थे।

शिक्षक निलंबित, FIR दर्ज
जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने घटना को गंभीर मानते हुए प्रधान पाठक को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई है। त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने भी मामले में अपराध दर्ज होने की पुष्टि की है और आगे की कार्रवाई जारी है।

यह घटना स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Related Articles

Back to top button