खबर का असर: सलौनीकला स्कूल के प्राचार्य की वेतनवृद्धि रुकी, शिक्षक पर भी कार्रवाई

बिलाईगढ़, 6 दिसंबर 2025। छात्रों को साइकिल लाने भेजने और उनसे ट्रैक्टर चलवाने वाले मामले में सलौनीकला स्कूल के प्राचार्य और साइकिल वितरण प्रभारी शिक्षक पर आखिरकार कार्रवाई हो गई। इस मामले को न्यूज़ भास्करम ने प्रमुखता से उठाया और प्रकाशित किया था। खबर का असर हुआ और शिक्षा विभाग ने प्रभारी प्राचार्य कुमार चौहान की एक साल की वेतन वृद्धि रोक दी है। वहीं साइकिल प्रभारी योगेश्वर प्रसाद साहू (व्याख्याता) पर भी कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
क्या है मामला?
निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत बिलाईगढ़ विकास खंड के शसकीय उ.मा. विद्यालय सलौनीकला के लिए 24 साइकिल आबंटित हुई थीं। 26 नवंबर को सरस्वती साइकिल वितरण केंद्र सेजस भटगांव से साइकिल ले जाने के लिए सलौनीकला स्कूल के साइकिल प्रभारी और व्यायाम शिक्षक योगेश्वर प्रसाद साहू कुछ छात्रों को लेकर पहुंचे। इसके बाद छात्रों ने ट्रैक्टर में साइकिल लोड की और स्वयं ट्रैक्टर चलाते हुए वापस आए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। मीडिया में इस खबर के आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने कमिटी गठित कर इस मामले की जांच के आदेश दिए।
जांच कमिटी की रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में प्रभारी प्राचार्य और साइकिल प्रभारी को दोषी पाया गया। शासन की ओर से आए आदेश के आधार पर जांच अधिकारी ने पाया कि प्रभारी कुमार चौहान और प्राचार्य योगेश्वर प्रसाद साहू की कार्यशैली पूरी तरह अनुशासनहीन और नियमविरुद्ध थी।
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने की अनुशंसा की गई है। इसके अलावा प्रभारी प्राचार्य कुमार चौहान की एक साल की वेतन वृद्धि रोक दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्रों के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।




