छत्तीसगढ़

आज का दिन राज्य में नक्सलवाद खत्म करने की दिशा में अहम है: CM साय

राजनांदगांव पहुंचे मुख्यमंत्री व गृहमंत्री, नक्सल मोर्चे पर हाल की कार्रवाई की जानकारी दी

राजनांदगांव, 8 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा सोमवार को राजनांदगांव पहुंचे। सर्किट हाउस में दोनों ने मीडिया से बात की और नक्सल मोर्चे पर हाल की कार्रवाई की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन राज्य में नक्सलवाद खत्म करने की दिशा में अहम है। उनका कहना था कि राज्य कई दशकों से नक्सल समस्या से जूझ रहा है और यह विकास में बड़ी रुकावट बनी हुई है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार के दो साल पूरे होने वाले हैं और इस अवधि में सुरक्षा बलों ने लगातार मजबूती से अभियान चलाया है।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लक्ष्य तय किया है कि मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करना है। उन्होंने दावा किया कि हाल की सफलताएं बताती हैं कि नक्सलवाद अब कमजोर पड़ रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि एमसीसी जोन का एक करोड़ का इनामी सदस्य रामधेय अपने 12 साथियों के साथ सरेंडर हुआ है। साय ने कहा कि राज्य की पुनर्वास नीति मजबूत है और इसी वजह से दो साल में चार हजार से ज्यादा नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं। इसके अलावा 500 से अधिक नक्सली मारे गए हैं।

गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि एमएमसी जोन अब साफ हो चुका है। उन्होंने बताया कि सरेंडर करने वालों में सीसी मेंबर रामधेर भी शामिल है और उनके पास से एके 47 समेत कई हथियार मिले हैं। शर्मा ने कहा कि यह कदम पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के लिहाज से बड़ा संकेत है।

Related Articles

Back to top button