3 साल में 41829 सड़क हादसे, 19066 मौत: विधानसभा में मंत्री ने दी जानकारी

रायपुर, 17 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं का आंकड़ा लगातार चिंता बढ़ा रहा है। वर्ष 2023 से लेकर 15 नवंबर 2025 तक राज्य में कुल 41,829 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इन हादसों में 19,066 लोगों की मौत हुई है, जबकि 35,761 लोग घायल या गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह जानकारी परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को विधानसभा में लिखित जवाब के माध्यम से दी।
विधायक अजय चंद्राकर ने सड़क दुर्घटनाओं को लेकर विस्तृत जानकारी मांगते हुए सवाल पूछा था। उन्होंने दुर्घटनाओं की संख्या, घायलों और मृतकों का वर्षवार ब्यौरा, दुर्घटनाओं में वृद्धि या कमी, इसके कारण, रोकथाम के उपाय, रिसर्च की स्थिति और पीड़ितों के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी मांगी थी।
परिवहन मंत्री ने अपने जवाब में बताया कि विगत दो वर्षों की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि हुई है। हालांकि दुर्घटनाओं के कारणों को लेकर परिवहन विभाग द्वारा किसी विशेषज्ञ से रिसर्च नहीं कराई गई है। मंत्री ने यह भी बताया कि सड़क दुर्घटनाओं से प्रभावित लोगों के लिए सरकार द्वारा आर्थिक सहायता और इलाज से जुड़ी योजनाएं लागू की जा रही हैं।
मंत्री के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि का मुख्य कारण प्रदेश में वाहनों की संख्या में लगातार इजाफा है। अक्टूबर 2025 तक राज्य में कुल 90 लाख 56 हजार 532 पंजीकृत वाहन हो चुके हैं। इसके साथ ही सड़कों की स्थिति बेहतर होने से ओवरस्पीडिंग, लापरवाही से वाहन चलाना, शराब पीकर ड्राइविंग, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाना तथा परमिट शर्तों का उल्लंघन जैसी वजहें भी हादसों के लिए जिम्मेदार हैं।
मंत्री ने बताया कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों के इलाज के लिए केंद्र सरकार की “सड़क दुर्घटना पीड़ितों का नकदी उपचार स्कीम 2025” लागू की गई है। मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 162 के तहत लाई गई इस योजना में दुर्घटना के बाद गोल्डन आवर के दौरान पीड़ित को अधिकृत अस्पतालों में अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का इलाज पूरी तरह कैशलेस उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा अधिकतम सात दिनों तक मिलेगी, ताकि इलाज के समय पीड़ित या उसके परिजनों को पैसों की व्यवस्था की चिंता न करनी पड़े।



