छत्तीसगढ़

राजधानी के रिहायशी इलाकों तक फैला ड्रग्स का नेटवर्क, वायरल वीडियो से बड़ा खुलासा

रायपुर, 22 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूखे नशे के का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार पुलिस कार्रवाई के बावजूद ड्रग्स का नेटवर्क अब रिहायशी इलाकों तक फैल चुका है। इसका ताजा खुलासा सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से हुआ है, जिसने पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

वायरल वीडियो ने खोली पोल
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक युवक और एक युवती नोट के सहारे ड्रग्स की लाइन बनाकर नशा करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के सामने आते ही राजधानी में चल रहे सूखे नशे के कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

अमलीडीह कॉलोनी के फ्लैट का बताया जा रहा वीडियो
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह वीडियो रायपुर के अमलीडीह कॉलोनी इलाके में स्थित एक फ्लैट के अंदर का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोग सुरक्षा को लेकर चिंता जताने लगे हैं।

पर्सनल ग्राहकों तक सीमित हो गई सप्लाई
सूत्रों का कहना है कि ड्रग्स पैडलर्स अब खुले तौर पर बिक्री करने के बजाय पर्सनल ग्राहकों को चोरी-छिपे नशा सप्लाई कर रहे हैं, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। इसके लिए फ्लैट, होटल और किराए के मकानों को नशे का अड्डा बनाया जा रहा है।

अब तक 79 पैडलर्स गिरफ्तार
गौरतलब है कि रायपुर पुलिस अब तक सूखे नशे के कारोबार से जुड़े करीब 79 ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बावजूद नशे का नेटवर्क पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाया है, जो पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

पुलिस जांच में जुटी
वायरल वीडियो को लेकर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। वीडियो की सत्यता, लोकेशन और उसमें नजर आ रहे युवक-युवती की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button