बीजापुर में आत्मसमर्पित नक्सली की हत्या, गांव में दहशत

बीजापुर, 27 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नक्सलियों ने एक बार फिर कायराना हरकत को अंजाम देते हुए आत्मसमर्पित नक्सली की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना पामेड़ थाना क्षेत्र के एर्रापल्ली गांव की है, जहां शुक्रवार 26 दिसंबर की रात नक्सलियों ने पुनेम बुदरा (28), पिता जोगा, की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने धारदार हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतारा।
2022 में किया था आत्मसमर्पण
जानकारी के अनुसार पुनेम बुदरा वर्ष 2022 में सुकमा जिले में नक्सल संगठन के सामने आत्मसमर्पण कर चुका था। आत्मसमर्पण के बाद वह मई-जून 2025 से अपने गांव एर्रापल्ली में रह रहा था और खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक नक्सलियों को शक था कि पुनेम बुदरा पुलिस के लिए मुखबिरी करता है। इसी संदेह के चलते शुक्रवार रात जब वह अपने घर में सो रहा था, तभी नक्सली उसके घर में घुस आए। उसे जबरन बाहर निकालकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया और कुल्हाड़ी से बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद नक्सली मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और संदिग्ध नक्सलियों की तलाश की जा रही है।
इस नृशंस हत्या के बाद एर्रापल्ली गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



