छत्तीसगढ़

भारत माला घोटाला: रायपुर-महासमुंद में 9 ठिकानों पर ED का छापा

रायपुर, 29 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ में भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित भूमि अधिग्रहण और मुआवजा घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। 29 दिसंबर की सुबह ईडी की टीम ने रायपुर और महासमुंद जिले में एक साथ 9 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई रायपुर-विशाखापत्तनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण में हुए कथित घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है।

हरमीत खनूजा समेत कई ठिकानों पर रेड
ईडी की टीम ने रायपुर स्थित लॉ-विस्टा सोसाइटी में रहने वाले हरमीत सिंह खनूजा के निवास पर दबिश दी। इसके साथ ही उनके सहयोगियों, संबंधित सरकारी अधिकारियों और जमीन मालिकों से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है।

वहीं महासमुंद जिले के मेघ बसंत क्षेत्र में सुबह करीब 6 बजे ईडी की दो गाड़ियां पहुंचीं, जहां व्यवसायी जसबीर सिंह बग्गा के निवास पर छापेमारी शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

क्या है पूरा मामला
सूत्रों के अनुसार भारतमाला परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में अनियमितता, फर्जीवाड़ा और मुआवजा वितरण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। इसी मामले में ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है।

फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है। दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और कई अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button